धमतरी: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल, क्या सील किए गए सारंगपुरी रेत डंप से फिर हो रहा अवैध परिवहन?

 धमतरी: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल, क्या सील किए गए सारंगपुरी रेत डंप से फिर हो रहा अवैध परिवहन?


आइस ऑफ छत्तीसगढ़ _जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एनीकट के पास ट्रैक्टरों से रेत डंप करते हुए तथा जेसीबी मशीन की मदद से हाईवा वाहनों में रेत लोड किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो में कई हाईवा वाहन भी नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सारंगपुरी स्थित उसी रेत डंप का है, जिसे कुछ समय पहले जिला प्रशासन ने निरस्त (सील) करने की कार्रवाई की थी। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। 

गौरतलब है कि खरेंगा पंचायत के रेत घाट में अवैध खनन के दौरान ग्रामीणों के दफन शव मिलने के मामले ने प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित रेत डंप को निरस्त करने और वहां मौजूद रेत को जब्त करने की बात कही थी,अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि निरस्त किए गए डंप में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों से रेत लाई जा रही है और जेसीबी के माध्यम से बड़ी संख्या में हाईवा वाहनों में लोड कर परिवहन किया जा रहा है। यदि यह दावा सही है, तो सवाल यह है कि प्रशासन द्वारा सील किए गए डंप पर दोबारा यह गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं?

क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार खनिज विभाग की निगरानी आखिर कहां है। जिस डंप को प्रशासन ने कार्रवाई कर बंद करने का दावा किया था, वहीं कथित रूप से फिर से रेत का भंडारण और परिवहन होने के आरोप प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं।

फिलहाल जिला प्रशासन या खनिज विभाग की ओर से वायरल वीडियो की सत्यता अथवा उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि वीडियो वास्तविक है, तो मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की आवश्यकता है।

Post a Comment

0 Comments