मिनी गोवा की छवि पर दाग बनता क्रिकेट सट्टा कारोबार
धमतरी _ आइस ऑफ छत्तीसगढ़ _धमतरी जिसे अपनी धार्मिक पहचान के कारण सम्मान के साथ “धर्म नगरी” कहा जाता है, आजकल एक नई पहचान के कारण भी चर्चा में है“मिनी गोवा”। जहां एक ओर यह उपाधि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से आकर्षण का केंद्र बन सकती थी, वहीं दूसरी ओर जिले में तेजी से फैलते अवैध क्रिकेट सट्टा कारोबार ने इस पहचान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।देशभर में गोवा को कभी क्रिकेट सट्टेबाजों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता रहा, लेकिन वहां की पुलिस ने लगातार सख्त अभियान चलाकर इस अवैध कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगाया है। इसके विपरीत, अब छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में यह कारोबार तेजी से जड़ें जमाता नजर आ रहा है। जानकारों के अनुसार, जिले में लंबे समय से सट्टा गतिविधियां संचालित हो रही थीं, लेकिन वर्तमान समय में इसका स्वरूप और भी व्यापक और खुला हो गया है। आज स्थिति यह है कि गली-मोहल्लों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक, युवा वर्ग बड़ी संख्या में इस अवैध कारोबार से जुड़ता जा रहा है। क्रिकेट मैचों, विशेषकर आईपीएल के दौरान, सट्टेबाजी अपने चरम पर पहुंच जाती है। सट्टेबाज खुलेआम आईडी बनाकर ग्राहकों को उपलब्ध करा रहे हैं, जिनकी रकम हजारों से लेकर लाखों और यहां तक कि करोड़ों तक पहुंच रही है। इस बार सट्टा कारोबार का तरीका भी बदला हुआ नजर आ रहा है। पहले जहां लेन-देन ऑनलाइन माध्यमों या खातों के जरिए होता था, वहीं अब पूरी प्रक्रिया नगद आधारित हो गई है। सट्टेबाज पहले ही ग्राहक से रकम वसूल कर लेते हैं, जिससे वे पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा, रकम के लेन-देन के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को कमीशन पर रखा गया है, जो इस नेटवर्क को और मजबूत बना रहा है.........पुराने सटोरियों के साथ-साथ नए युवा भी इस धंधे में उतर आए हैं, जो “मास्टर आईडी” के जरिए 70/30 के हिस्सेदारी मॉडल पर काम कर रहे हैं। आईपीएल मैचों के दौरान हर मैच में जिले से करोड़ों रुपये के दांव लगने की बात सामने आ रही है.........सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि ...... यह पूरा कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस और बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है। साइबर सेल और संबंधित एजेंसियों की खामोशी कई सवाल खड़े करती है.........धमतरी की पहचान जहां एक ओर धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के अवैध कारोबार उसकी छवि को धूमिल कर रहे हैं....... आवश्यकता है कि प्रशासन और पुलिस इस दिशा में ठोस कदम उठाएं, ताकि जिले की गरिमा और युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रह सके।

0 Comments