धमतरी कांग्रेस भवन में हंगामा, संविधान बचाओ कार्यक्रम में बवाल – वरिष्ठ नेता देवेंद्र अजमानी निष्कासित
धमतरी _ टीम आइस ऑफ छत्तीसगढ़ _शहर के कांग्रेस भवन में संविधान बचाओ कार्यक्रम के दौरान सोमवार को भारी हंगामा हो गया, कार्यक्रम में पहुंचे एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट की मौजूदगी में वरिष्ठ कांग्रेसी देवेंद्र अजमानी ने उनके समक्ष तीखे आरोप लगाए, जिसके बाद माहौल गरमाता चला गया।
कार्यक्रम में अजमानी ने महापौर टिकट वितरण को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना पर कथित दलाली के आरोप लगाए। आरोप लगते ही समर्थकों में नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन परिसर के सामने ही तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिस कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कुछ विवादित नारे भी लगाए ।
जिला अध्यक्ष शरद लोहाना
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला अध्यक्ष शरद लोहाना ने कहा कि वरिष्ठ नेता देवेंद्र अजमानी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और खुले तौर पर कांग्रेस की गरिमा को ठेस पहुँचा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अजमानी भाजपा को परोक्ष रूप से लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
देवेन्द्र आजमानी
वही देवेंद्र अजमानी अजमानी ने आरोप लगाया कि महापौर चुनाव में डमी प्रत्याशी न खड़ा करने के बदले लेन-देन हुआ, और इसी कारण वह सार्वजनिक रूप से सवाल उठा रहे हैं।
आजमानी को किया गया निष्काशित
हंगामे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने देवेंद्र अजमानी को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया। संगठन के अनुसार यह कार्रवाई अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते की गई है।इस घटना के बाद धमतरी कांग्रेस राजनीति एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां पार्टी के अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गए हैं।

0 Comments