कोलियारी रेत खदान पर खनिज माफियाओं की गुंडागर्दी, ग्रामीण युवक से मारपीट

 कोलियारी रेत खदान पर खनिज माफियाओं की गुंडागर्दी, ग्रामीण युवक से मारपीट,अवैध खनन रोकने पहुंचे ग्रामीणों पर हमला, खनिज विभाग पर गंभीर आरोप*

धमतरी_ टीम आइस ऑफ छत्तीसगढ़__धमतरी जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर खनिज माफियाओं की दबंगई अब खुलेआम सामने आने लगी है। ग्राम कोलियारी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत खनन के खेल के दौरान खनिज माफियाओं ने ग्रामीण युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों  से मिली जानकारी के अनुसार कोलियारी क्षेत्र में सैकड़ों ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रेत खनन और परिवहन लगातार किया जा रहा है। खनिज माफिया अछोटा ग्राम की सरहद से रेत का खनन कर परिवहन कर रहे हैं। जब इस अवैध गतिविधि को रोकने के लिए अछोटा ग्राम के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो माफियाओं ने न केवल विरोध किया बल्कि ग्रामीणों के साथ मारपीट पर उतर आए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अवैध खनन कर रहे ट्रैक्टरों को ग्रामीणों ने रोका था, जिससे नाराज खनिज माफियाओं ने अपनी दबंगई दिखाते हुए हमला कर दिया। इस दौरान एक ग्रामीण युवक को चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में खनिज विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अवैध खनन की लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कार्रवाई के अभाव में खनिज माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषी माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक खनिज माफिया कानून और प्रशासन को चुनौती देते रहेंगे और कब तक ग्रामीणों को अपनी ही जमीन पर संघर्ष करना पड़ेगा।

Post a Comment

0 Comments